Accident in Dehradun: चकराता क्षेत्र से बर्फ देखकर लौट रहे पर्यटकों की कार कोरुवा पेट्रोल पंप से आगे अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जहां कार गिरी, वहां नीचे खेता था, जिस कारण कार में सवार पांचों पर्यटकों को हल्की चोटें आई।
तत्काल स्थानीय लोगों ने सभी को खाई से निकालकर आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से सीएचसी साहिया में भर्ती कराया, जहां से एक घायल को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया। बाकी चार घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे की वजह कार की स्पीड तेज होना बताई जा रही है।
रविवार सायं को बर्फबारी देखकर सेलाकुई क्षेत्र के पांच युवक चकराता से वापस आ रहे थे। जैसे ही वह कोरुवा गांव के समीप पेट्रोल पंप से आगे पहुंचे कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे कार सीधे खाई में जा गिरी।
गनीमत यह रही कि जहां पर कार गिरी वहां पर नीचे खेत था। खेत में गिरने पर कार पलट गई। स्थानीय निवासी आशीष, महेंद्र तोमर, राहुल तोमर, नवीन तोमर आदि ने घायलों को कार से बाहर निकाला और आपातकालीन सेवा के माध्यम से उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।
स्थानीय युवकों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। आपातकालीन सेवा 108 कर्मी ने घायल कार सवार कार्तिक (28) पुत्र राजेश निवासी सेलाकुई, मनु कुमार मोनू (21) पुत्र मंडल गुप्ता निवासी सेलाकुई, रवि (23) पुत्र महीपाल सिंह निवासी सेलाकुई, सचिन (20) पुत्र महीपाल सिंह, धर्मेंद्र सिंह (24) पुत्र शमशेर सिंह निवासी सेलाकुई को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी साहिया के चिकित्सकों ने पैर में फ्रेक्चर के कारण धर्मेंद्र को हायर सेंटर रेफर किया। बाकी का उपचार किया जा रहा है।
पहाड़ दरकने से आठ घंटे बंद रहा हाईवे, दोनों तरफ लगी वाहनों की कतार
उत्तराखंड व हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों को जोड़ने वाले जेपीआरआर हाईवे पर त्यूणी में रविवार दोपहर एक बजे पहाड़ दरकने से आठ घंटे तक यातायात ठप रहा। जिससे देहरादून, उत्तरकाशी, शिमला व सिरमौर जनपद से जुड़े विभिन्न स्थानों को आने-जाने वाले वाहन बीच रास्ते में ही फंसे रहे।
देर शाम आठ बजे बाद छोटे वाहनों के लिए मार्ग को खोला गया। गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ से मलबा गिरा उस समय वहां से कोई नहीं गुजर रहा था। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। पहाड़ से गिरे मलबे के साथ हाईवे पर खड़ी एक बाइक भी टोंस नदी में समा गई।
देहरादून, उत्तरकाशी, शिमला व सिरमौर चारों जनपद के सीमावर्ती इलाकों को यातायात सेवा से जोड़ने वाले जगाधरी-पांवटा-राजबन-रोहडू राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्यूणी में मोटर पुल के पास ऊपर से पहाड़ का एक हिस्सा अचानक नीचे आ गया।
हाईवे पर पहाड़ दरकने से भारी मात्रा में आए मलबे की वजह से यातायात संचालन ठप हो गया। हाईवे का करीब 60 मीटर हिस्सा मलबे में दब गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में आने से हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी एक बाइक मलबे के साथ सीधे टोंस नदी में चली गई। गनीमत यह रही कि जिस वक्त पहाड़ से मलवा गिरा कोई उसकी चपेट में नहीं आया।
यातायात संचालन ठप होने से देहरादून, विकासनगर, चकराता, मसूरी, महासू देवता मंदिर हनोल, पुरोला, उत्तरकाशी, रोहडू, जुब्बल, शिमला, नेरुवा, चौपाल समेत अन्य जगह को आने-जाने वाले कई वाहन त्यूणी के पास बीच रास्ते में दोपहर से फंसे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रविवार को चटक धूप होने से हाईवे पर पहाड़ से एक बड़ा हिस्सा टूटकर मलबे के रूप में सड़क पर आ गया। पहाड़ से गिरे मलबे की तेज आवाज व धूल मिट्टी के गुबार से आसपास के लोग सहम उठे।
हाईवे पर यातायात संचालन ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने एनएच विभाग से सड़क पर जमा मलबे को हटाने और यातायात संचालन जल्द सुचारू करने का आग्रह किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार त्यूणी ग्यारु दत्त जोशी ने कहा कि हाईवे बंद होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है।
स्थानीय प्रशासन ने एनएच विभाग से हाईवे शीघ्र खोलने को कहा। देर शाम आठ बजे के बाद जेसीबी से मलबा हटाकर छोटे वाहनों को निकाला गया। देर रात तक मलबा हटाने का कार्य जारी था।