Mumbai News: भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स की रेस में भारत ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1’ और अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ ने इतिहास रच दिया है। इन दोनों फिल्मों ने ऑस्कर की 201 फीचर फिल्मों की एलिजिबिलिटी लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह खबर आते ही फिल्म जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बेस्ट फिल्म की रेस में सीधी टक्कर
एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने हाल ही में योग्य फिल्मों की सूची जारी की है। इसमें 201 फिल्में शामिल हैं जो बेस्ट फिल्म का ऑस्कर जीतने की दौड़ में हैं। वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों भारतीय फिल्मों ने एकेडमी के कड़े मानकों को पूरा किया है। इन फिल्मों को अमेरिका के टॉप बाजारों में रिलीज करने की शर्त भी पूरी करनी थी। अब ये फिल्में आधिकारिक तौर पर दावेदार बन चुकी हैं।
कब होगा नॉमिनेशन का ऐलान?
फैंस अब ऑस्कर के फाइनल नॉमिनेशन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एकेडमी 22 जनवरी को नॉमिनेशन की घोषणा करेगी। इससे पहले नवंबर 2025 में डॉक्यूमेंट्री और इंटरनेशनल फीचर फिल्म की लिस्ट आई थी। अब देखना होगा कि क्या ‘कांतारा’ और ‘तन्वी द ग्रेट’ फाइनल लिस्ट में जगह बना पाती हैं या नहीं। अगर ऐसा होता है, तो यह भारत के लिए गर्व का पल होगा।
क्या है फिल्मों की कहानी?
ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: चैप्टर 1’ तुलुनाडु की दैवीय परंपराओं पर आधारित है। इसमें ऋषब शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। वहीं, अनुपम खेर द्वारा निर्देशित ‘तन्वी द ग्रेट’ की कहानी काफी भावुक है। यह फिल्म ऑटिज्म और भारतीय सेना के जज्बे को दिखाती है। इसमें शुभांगी ने तन्वी का किरदार निभाया है। फिल्म में जैकी श्रॉफ और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार भी मौजूद हैं।

