New Delhi: साल 2025 भारत के लिए ऐतिहासिक रहा है। भारत अब आधिकारिक तौर पर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने जापान जैसी महाशक्ति को पीछे छोड़ दिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत की जीडीपी 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद अब भारत का नाम आता है। देश अब जर्मनी को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचने के लिए तैयार है।
2026 में नई ऊंचाइयों पर भारत
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़े भी भारत की इस कामयाबी की गवाही दे रहे हैं। आईएमएफ के अनुमान के अनुसार, साल 2026 में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 4.51 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगा। वहीं, जापान की अर्थव्यवस्था 4.46 ट्रिलियन डॉलर रहने की उम्मीद है। हालांकि, इसकी अंतिम मुहर 2026 के अंत में आने वाले फाइनल एनुअल आंकड़ों के बाद ही लगेगी। फिलहाल भारत की विकास दर दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जर्मनी को पीछे छोड़ने का रोडमैप तैयार
भारत सरकार ने हाल ही में अपनी नई रिपोर्ट जारी की है। इसका नाम “2025: भारत के विकास के लिए एक निर्णायक वर्ष” है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज गति से आगे बढ़ रही है। अगले ढाई से तीन सालों के भीतर भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2030 तक भारत 7.3 ट्रिलियन डॉलर की विशाल अर्थव्यवस्था बन सकता है। यह रफ्तार भारत को जल्द ही टॉप 3 में शामिल करेगी।
