Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री को साफ संदेश दिया है कि उन्हें ग्रीनलैंड हर हाल में चाहिए। इसकी वजह बताते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया गया, इसलिए अब वह शांति के बारे में नहीं सोचेंगे। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि जब तक अमेरिका ग्रीनलैंड पर कब्जा नहीं कर लेता, तब तक दुनिया सुरक्षित नहीं रहेगी। इस संदेश के बाद से अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
शांतिदूत नहीं, अब अमेरिका का फायदा देखेंगे
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर को एक टेक्स्ट मैसेज भेजा है। इसमें उन्होंने लिखा कि नोबेल पुरस्कार न मिलने के कारण अब उन पर शांति बनाए रखने का कोई नैतिक दबाव नहीं है। ट्रंप ने कहा कि अब वह सिर्फ इस बात पर ध्यान देंगे कि अमेरिका के लिए क्या सही है। उनका मानना है कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड पर नियंत्रण करना बहुत जरूरी है। बता दें कि डेनमार्क पहले ही दो टूक कह चुका है कि ग्रीनलैंड बिकाऊ नहीं है।
8 नाटो देशों पर लगा दिया 10% टैक्स
अमेरिका के इरादों को भांपते हुए यूरोपीय देशों ने ग्रीनलैंड में अपनी सैन्य टुकड़ियां भेज दी हैं। इस बात से नाराज होकर राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा आर्थिक हमला किया है। उन्होंने यूरोप के 8 देशों पर 10 फीसदी टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने का ऐलान कर दिया है। इन देशों में डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड शामिल हैं। यह बढ़ा हुआ टैक्स 1 फरवरी 2026 से लागू होगा। ट्रंप का तर्क है कि अमेरिका सालों से इन देशों को सब्सिडी दे रहा था, अब उन्हें इसका कर्ज चुकाना होगा।
चीन की काट और ‘गोल्डन डोम’ की चाहत
ट्रंप की इस जिद के पीछे बड़ी रणनीतिक वजहें हैं। ग्रीनलैंड में दुर्लभ खनिजों (Rare Earth Materials) का विशाल भंडार है। अभी इन खनिजों के लिए अमेरिका पूरी तरह चीन पर निर्भर है। ट्रंप इस निर्भरता को खत्म करना चाहते हैं। इसके अलावा, वह ग्रीनलैंड की रणनीतिक लोकेशन का फायदा उठाकर वहां ‘गोल्डन डोम’ बनाना चाहते हैं। यह इजरायल के आयरन डोम जैसा ही एक मल्टी-लेयर्ड एयर डिफेंस सिस्टम होगा। उधर, ग्रीनलैंड के स्थानीय लोगों ने ट्रंप की इस जबरदस्ती के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
