Guwahati News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरांग जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कुल 18,530 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद यह उनकी असम की पहली यात्रा है। उन्होंने मां कामाख्या के आशीर्वाद का शुक्रिया अदा किया। जन्माष्टमी के अवसर पर उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि असम के विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे कितनी भी गालियां क्यों न दी जाएं, मैं भगवान शिव का भक्त हूं और सारा जहर पी जाता हूं। लेकिन जब मां का अपमान होता है या देश के महान सपूतों का अपमान होता है, तो मैं उसे सहन नहीं कर सकता।” यह टिप्पणी कांग्रेस पर सीधा हमला मानी जा रही है।
भूपेन हजारिका सम्मान पर सवाल
पीएम मोदीने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने का जिक्र किया। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या यह फैसला सही था। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने इस पर तंज कसते हुए कहा था कि मोदी “नाचने-गाने वालों” को यह सम्मान दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने इस बयान को पूर्वोत्तर के लोगों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के प्रति कांग्रेस की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।
1962 के युद्ध का जिक्र
प्रधानमंत्रीने 1962 के चीन युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बयानों ने पूर्वोत्तर के लोगों के दिलों में गहरे घाव दिए। उन्होंने दावा किया कि ये घाव आज तक नहीं भरे हैं। इसके विपरीत, उनकी सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों के विश्वास को मजबूत करने में लगी है।
इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। इनमें सड़क, बिजली और उद्योग से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
