Entertainment News: कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता यश आज करोड़ों दिलों पर राज करते हैं। फिल्म ‘केजीएफ’ की ऐतिहासिक सफलता ने उन्हें पैन इंडिया स्टार बना दिया है। साल 2026 में उनकी नई फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज होने वाली है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यश का यह सफर इतना आसान नहीं था? एक बस ड्राइवर के बेटे ने बिना किसी गॉडफादर के यह मुकाम हासिल किया है। आइए जानते हैं उनके फर्श से अर्श तक पहुंचने की पूरी कहानी।
साधारण परिवार में हुआ था जन्म
आज 40 साल की उम्र में यश के पास दौलत और शोहरत सब कुछ है। हालांकि, उनका बचपन काफी संघर्षों में बीता है। उनका जन्म कर्नाटक के हासन जिले के भुवानाहल्ली गांव में हुआ था। उनके पिता एक ट्रक ड्राइवर थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि बेटा सुपरस्टार बन गया, लेकिन उनके पिता आज भी कर्नाटक राज्य परिवहन (KSRTC) में अपनी सेवाएं देते हैं। एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना यश के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी।
नवीन कुमार गौड़ा से कैसे बने यश?
बहुत कम फैंस को पता है कि ‘रॉकिंग स्टार’ का असली नाम यश नहीं है। फिल्मों में आने से पहले उनका नाम नवीन कुमार गौड़ा था। ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने अपना नाम बदल लिया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल ‘नंदा गोकुला’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई धारावाहिकों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। टीवी पर हिट होने के बाद साल 2008 में उन्होंने फिल्म ‘मोगीना मनसु’ से डेब्यू किया। यह फिल्म सुपरहिट रही और उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।
‘केजीएफ’ ने बदल दी पूरी किस्मत
शुरुआत में उन्होंने ‘गजकेशरी’ और ‘मास्टरपीस’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। लेकिन साल 2018 में आई ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ ने यश की किस्मत रातोंरात पलट दी। इस फिल्म के बाद वह पूरी दुनिया में मशहूर हो गए। साउथ के साथ-साथ हिंदी पट्टी में भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग बन गई। अब दर्शक उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ का इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी। इसमें कियारा आडवाणी और नयनतारा जैसी अभिनेत्रियां भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
