Uttarakhand News: देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे पांच लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसी। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जाखन से आते वक्त बेकाबू हुई रफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इनोवा कार जाखन की दिशा से सर्वे रोड की ओर आ रही थी। कार को गुनीत सिंह नाम का युवक चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर पहुंचते ही वाहन की गति अचानक बहुत बढ़ गई। कार इतनी बेकाबू हो गई कि चालक उस पर नियंत्रण खो बैठा। रास्ते में जो भी आया, कार उसे रौंदते हुए आगे बढ़ती गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिससे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।
अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम, बेटा जिंदगी के लिए लड़ रहा जंग
हादसे की चपेट में आने से बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी रोहित फिलिप की जान नहीं बचाई जा सकी। उनके बेटे अनूप की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मकान में जा घुसी कार, चालक पुलिस की गिरफ्त में
अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को कुचलने के बाद कार एक घर में जा घुसी, जिससे घर की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके से चालक गुनीत सिंह को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गुनीत का क्रॉस मॉल में अपना शोरूम है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


