Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां कोटखाई के छमरोटा में काम कर रहे एक नेपाली दंपती की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पति-पत्नी एक निजी डंगे (दीवार) के निर्माण के लिए नींव की खुदाई कर रहे थे। अचानक ऊपर से भारी मात्रा में मलबा गिरा और दोनों जिंदा दफन हो गए।
खोदाई करते समय काल बनकर गिरा मलबा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, छमरोटा गांव में एक महिला अपने खेत में डंगा लगवा रही थी। उसने यह काम एक ठेकेदार को दिया था। ठेकेदार ने निर्माण कार्य के लिए नेपाली मूल के प्रेम और अनिता को काम पर लगाया था। वे पिछले कई दिनों से यहां मेहनत-मजदूरी कर रहे थे। रविवार दोपहर को जब वे नींव खोद रहे थे, तभी यह अनहोनी हो गई।
बचाने की कोशिशें हुईं नाकाम
मलबा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिट्टी हटाकर दबे हुए पति-पत्नी को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मलबे से बाहर निकालने तक दोनों ने दम तोड़ दिया था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना तुरंत बागी पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्हें कोटखाई अस्पताल पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसएसपी संजीव गांधी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

