Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मानसून सीजन की संचयी रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार 20 जून से 17 सितंबर तक राज्य में 419 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 237 मौतें वर्षा संबंधी घटनाओं और 182 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई हैं।
वर्षा संबंधी मौतों में भूस्खलन से 52 लोगों की जान गई। पेड़ों और चट्टानों के गिरने से 45 लोगों की मौत हुई। डूबने से 40 लोगों ने जान गंवाई जबकि बादल फटने और अचानक बाढ़ से क्रमशः 17 और 11 लोगों की मृत्यु हुई। सार्वजनिक संपत्ति को 4,59,536.54 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक 1,41,387.8 लाख रुपये का नुकसान हुआ। जल शक्ति विभाग को 13,946.69 लाख रुपये और बिजली विभाग को 2,045.05 लाख रुपये की क्षति पहुंची। आवासीय संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है। 583 पक्के और 1676 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
934 पक्के और 2150 कच्चे घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। 15-16 सितंबर की रात सोनखड़, धर्मपुर में अचानक आई बाढ़ ने बस स्टैंड, बाजार और आसपास के घरों को प्रभावित किया। मंडी पुलिस और एसडीआरएफ ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
हिमाचल पुलिस के अनुसार दो लोग अभी भी लापता हैं। उन्हें ढूंढने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा कि वह हर नागरिक के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार नुकसान का आकलन कर रही है और पीड़ितों को राहत प्रदान कर रही है।
