Chandigarh News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित गुरुद्वारा साहिब में डॉ. अमरीन कौर सेखों के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। यह विक्रमादित्य सिंह का दूसरा विवाह है। वह बुशहर राजघराने के वारिस हैं। शादी का आनंद कारज समारोह निजी तरीके से संपन्न हुआ।
डॉ. अमरीन कौर चंडीगढ़ निवासी सरदार जोतिंदर सिंह सेखों और सरदारनी ओपिंदर कौर की बेटी हैं। उन्होंने अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने मनोविज्ञान विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
वर्तमान में, डॉ. अमरीन पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह विक्रमादित्य सिंह की लंबे समय से मित्र रही हैं। यह उनका पहला विवाह है और उनकी उम्र करीब 35 वर्ष है।
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार में एक प्रमुख कैबिनेट मंत्री हैं। वह लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग का कार्यभार संभालते हैं। वह शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
वह हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई हिमाचल के बिशप कॉटन स्कूल से की। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया।
इसके बाद उन्होंने लंदन से इतिहास में ही मास्टर्स डिग्री प्राप्त की। विक्रमादित्य सिंह ने साल 2013 में राजनीति में कदम रखा। उस समय उन्हें हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया।
वह साल 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण सीट से विधायक चुने गए। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने इस सीट पर दोबारा जीत दर्ज की। चुनाव के बाद उन्हें सुक्खू सरकार में मंत्री पद दिया गया।
शादी के इस कार्यक्रम में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदारों और मित्रों ने हिस्सा लिया। समारोह की जानकारी सोशल मीडिया पर खूब साझा की जा रही है। लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दी हैं।
