Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने कोटला गांव को संकट में डाल दिया है। लांगणा पंचायत के इस गांव में बड़े भूस्खलन ने छह घरों को पहले ही क्षतिग्रस्त कर दिया है। अब 15 और घरों तथा गोशालाओं पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। प्रभावित परिवार असुरक्षा की स्थिति में रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं।
ब्यास नदी का बढ़ता जलस्तर और भूमि कटाव गांव के लिए गंभीर खतरा बन गया है। मकानों की नींव में पड़ी दरारें लगातार गहरी हो रही हैं। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन की टीम ने गुरुवार को गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
नायब तहसीलदार विनय राशपा ने भूस्खलन से बिगड़े हालात की रिपोर्ट स्थानीय प्रशासन को सौंपी है। पंचायत प्रधान चंद्रमणि ने बताया कि करीब 15 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा है। छह घर पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
विधायक प्रकाश राणा और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने गुरुवार को गांव का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली। प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने का आह्वान किया है। इनके पुनर्स्थान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। स्थानीय लोगों ने त्वरित राहत कार्यों की मांग की है।
