Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। नालागढ़ के मशहूर पहलवान विजय कुमार राणा पर दिनदिहाड़े जानलेवा हमला किया गया है। यह वारदात राजपुरा मार्ग पर हुई। हमलावरों ने विजय और उनके भतीजे पर गोलियां चलाईं और लोहे की रॉड से पीटा। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
गोलियों और रॉड से किया गया वार
हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। विजय राणा अपने भतीजे के साथ जा रहे थे, तभी उन पर हमला बोल दिया गया। आरोपियों ने पहले फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने तेजधार हथियारों और डंडों से दोनों को बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने विजय की कनपटी पर बंदूक तान दी। उन्होंने धमकी दी कि तुम्हारे साथ आगे बहुत कुछ हो सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विजय सड़क पर बेसुध दिख रहे हैं।
महिला की बहादुरी से बची जान
इस खौफनाक मंजर के बीच एक महिला ने हिम्मत दिखाई। वह बीच-बचाव करने मौके पर पहुंच गई। महिला को आता देख सभी आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। गंभीर हालत में विजय और उनके भतीजे को नालागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
गैंगवार या सब्जी मंडी का विवाद?
पीड़ित विजय ने पंजाबी गैंगस्टर्स पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, बद्दी पुलिस ने गैंगवार की बात से साफ इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, यह हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ सब्जी मंडी पर कब्जे को लेकर चल रहा आपसी विवाद है। सोशल मीडिया पर पुलिस ने अफवाहों का खंडन किया है। पुलिस का कहना है कि इसका किसी संगठित गिरोह से लेना-देना नहीं है।
पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पहली FIR गुरप्रीत ने दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि विजय राणा और उनके साथियों ने उसके साले पर हमला किया। वहीं, दूसरी FIR विजय कुमार की शिकायत पर हुई है। इसमें गुरप्रीत उर्फ बाऊ, काकु और पवन को नामजद किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
