Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बेटी को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में एलएलएम की पढ़ाई के लिए दाखिला मिला है। इस उपलब्धि पर कांग्रेस नेता संजय अवस्थी ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री के विरोधियों पर आधारहीन बयान देने का आरोप लगाया।
संजय अवस्थी ने पत्रकारों से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपनी पत्नी और विधायक कमलेश ठाकुर के साथ लंदन गए हैं। उनका उद्देश्य अपनी बेटी का दाखिला करवाना है। अवस्थी ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स को दुनिया के टॉप विश्वविद्यालयों में शुमार बताया।
उन्होंने कहा कि यहां दाखिला एक कठिन प्रक्रिया के बाद ही मिलता है। अवस्थी ने उन लोगों को कुंठित मानसिकता वाला बताया जो इस मामले पर आपत्ति जता रहे हैं। उनका कहना था कि जिनके अपने परिवार हैं, उन्हें ऐसी बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू के लंदन दौरे की अवधि तय है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे 27 सितंबर को दिल्ली वापस लौटेंगे। इसके बाद 28 सितंबर को वह नादौन में एक शादी समारोह में शामिल होंगे। 29 सितंबर को वह मशोबरा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कंगना रणौत पर संजय अवस्थी का हमला
संजय अवस्थी ने भाजपा सांसद कंगना रणौत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके बयानों में परि पक्वता की कमी है। अवस्थी ने आरोप लगाया कि कंगना जब भी बोलती हैं, विवाद पैदा करती हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कंगना में राजनीतिक परिपक्वता होती तो वह आधारहीन बयान नहीं देतीं। अवस्थी ने हाल में कंगना के एक बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कंगना को लोगों की सेवा की जगह अपने व्यापार की ज्यादा चिंता है।
यह टिप्पणी कंगना के उस बयान के जवाब में है जिसमें उन्होंने अपने रेस्तरां की बिक्री का जिक्र किया था। अवस्थी ने इससे जनप्रतिनिधि के कर्तव्यों से भटकने का संकेत दिया।
