Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। बीते 24 घंटों में मानसून गतिविधियां कमजोर रहीं, लेकिन भूस्खलन से सैकड़ों सड़कें अभी भी बंद हैं। राज्य में अब तक 378 लोगों की मौत हो चुकी है और 4150 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। 40 लोग अभी भी लापता हैं जबकि 437 लोग घायल हुए हैं।
मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में 13-14 सितंबर को भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। राज्य में 20 जून से 9 सितंबर तक 6,731 कच्चे-पक्के मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है।
बारिश का रिकॉर्ड और नुकसान
ब्राह्मणी में 8.2 मिमी, जोगिंद्रनगर में 8.0 मिमी और कांगड़ा में 7.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 7.0 मिमी और पालमपुर में 6.0 मिमी वर्षा हुई। पिछले 30 वर्षों में पहाड़ों पर अत्यधिक बारिश की घटनाओं में 200% की बढ़ोतरी हुई है। इस मानसून सीजन में 1,999 पालतु पशुओं की मौत हुई है और 5,469 गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 सितंबर तक बारिश जारी रहेगी। 10 से 12 सितंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 13 से 15 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
