Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक गर्भवती गाय की सर्जरी करने वाले डॉक्टर हैरान रह गए। डॉक्टरों ने गाय के पेट से 28 किलो प्लास्टिक, 41 धातु की कीलें, कपड़े और रस्सियां निकालीं। यह गाय लगातार चार से पांच दिनों से बीमार चल रही थी और उसने खाना-पीना भी बंद कर दिया था।
स्थानीय निवासी विपिन कुमार और अन्य लोगों ने इस गाय को बरनोह स्थित क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों को गाय के पेट में कुछ असामान्य होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने कई परीक्षण किए और सर्जरी का फैसला लिया।
डॉ. निशांत रनौत के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम ने शनिवार को इसकी जटिल सर्जरी की। सर्जरी सफल रही और गाय के पेट से विभिन्न प्रकार की खतरनाक वस्तुएं निकाली गईं। इनमें भारी मात्रा में प्लास्टिक कचरा और धातु के टुकड़े शामिल थे।
पशु चिकित्सालय के डॉक्टर अब गाय की सेहत पर नजर रखे हुए हैं। सर्जरी के बाद गाय की हालत में सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उचित देखभाल से वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएगी।
इस अस्पताल ने अब तक 53 जटिल सर्जरी सफलता पूर्वक की हैं। यहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें अल्ट्रासाउंड और ब्लड टेस्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह अस्पताल क्षेत्र में बड़े पशुओं के इलाज के लिए एक प्रमुख केंद्र बन गया है।
ऊना के पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल ने डॉक्टरों की टीम को सफल ऑपरेशन के लिए बधाई दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक कचरा और धातु की कीलें आदि खुले में न फेंकें। उचित कचरा प्रबंधन से पशुओं और पर्यावरण दोनों की रक्षा की जा सकती है।
