Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा पर गए दस लोगों का एक समूह बादल फटने की घटना में फंस गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। तीन अन्य युवक कुछ समय के लिए लापता हो गए थे। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के गंगोह, अंबेहटा और झाड़वन क्षेत्र के निवासी हैं।
लापता युवक मिले
लगभग 30 घंटे तक लापता रहने के बाद तीनों युवक हिमाचल प्रदेश के भरभोर इलाके में सुरक्षित मिल गए हैं। यह जानकारी शैंकी प्रजापति के भाई पंकज प्रजापति ने दी। उन्होंने बताया कि समूह के सदस्यों ने किसी तरह संपर्क कर सागर भटनागर की मौत की सूचना दी थी।
परिजनों में दहशत
बुधवार को यह खबर मिलते ही परिजनों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे। पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद सहित कई लोगों ने परिवार को संबल दिया। अब नौ यात्रियों के सकुशल होने की पुष्टि हुई है।
राजनीतिक हस्तक्षेप
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात की। उन्होंने फंसे लोगों को हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया। पूर्व भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने भी मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से बचाव कार्य तेज करने की मांग की।
