सोमवार, दिसम्बर 29, 2025

Himachal News: ‘आजादी का श्रेय लेने वालों ने ही देश तोड़ा’, 140वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस पर क्यों भड़के राजीव बिंदल?

Share

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आजादी का श्रेय लेने वाली कांग्रेस ने ही देश को सबसे ज्यादा गहरा जख्म दिया है। बिंदल ने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए भारत को बांटने का काम किया। कांग्रेस के 140 साल पूरे होने पर बिंदल ने पार्टी के इतिहास और वर्तमान नीतियों पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

नेहरू-गांधी परिवार पर साधा निशाना

डॉ. बिंदल ने कहा कि आज की कांग्रेस महात्मा गांधी और सरदार पटेल वाली पार्टी नहीं रही। इसे नेहरू-गांधी परिवार ने पूरी तरह खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों की विचारधारा को दबा दिया गया। बिंदल के अनुसार, अब यह पार्टी सिर्फ एक परिवार की होकर रह गई है। आज कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता बचाने और अवसरवाद तक सीमित हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:  शिमला: मस्जिद विवाद में नजाकत अली को बताया 'जिहादी', जानें देवभूमि संघर्ष समिति ने क्या लगाए गंभीर आरोप

सत्ता के लिए देश के बंटवारे का आरोप

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भारत माता के विभाजन का ‘महापाप’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता की भूख में लाखों लोगों को बेघर कर दिया गया। हजारों माताओं और बहनों का सुहाग उजड़ गया। बिंदल ने कश्मीर मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या देश के लिए कैंसर जैसी थी। धारा 370 और 35ए लगाकर कश्मीर को भारत से अलग-थलग रखा गया। इसकी कीमत हमारे हजारों सैनिकों और कश्मीरी हिंदुओं को चुकानी पड़ी।

आपातकाल और संविधान से छेड़छाड़

बिंदल ने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए कांग्रेस को लोकतंत्र का हत्यारा बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने संविधान में 70 से ज्यादा संशोधन किए। देश में आपातकाल लगाकर लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया। बिंदल ने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए भारत की सनातन संस्कृति और इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा गया। उनके मुताबिक, यही मानसिकता आज भी पार्टी की पहचान बनी हुई है।

यह भी पढ़ें:  धर्मशाला: सुधेड़ गांव में बढ़ा खड्ड में फंसे स्कूली बच्चे, स्थानीय लोगों ने बचाया

कर्ज में डूबा हिमाचल: बिंदल

राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता परेशान है। सरकाघाट में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश अपनी खोई हुई विरासत और गौरव को वापस पा रहा है।

Poonam Sharma
Poonam Sharma
एलएलबी और स्नातक जर्नलिज्म, पत्रकारिता में 11 साल का अनुभव।

Read more

Related News