Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सुक्खू सरकार ने अपनी सरकारी योजना का पिटारा खोल दिया है। सरकार ने हजारों लोगों के बैंक खातों में पेंशन की राशि भेज दी है। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन और इंदिरा प्यारी बहना सुख सम्मान निधि शामिल है। सबसे बड़ी राहत महिलाओं को मिली है। सरकार ने पात्र महिलाओं को पिछले 9 महीने की पेंशन एक साथ जारी कर दी है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच गई है।
किसे और कितना पैसा मिला?
सरकार ने इस सरकारी योजना के तहत करोड़ों रुपये जारी किए हैं। जनजातीय क्षेत्रों के 19,202 लोगों को तीन महीने की सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिली है। इन्हें 1150 से 1700 रुपये प्रति माह के हिसाब से भुगतान हुआ है। वहीं, 18 से 59 वर्ष की महिलाओं की मौज हो गई है। पांगी, लाहुल स्पीति, कुपवी और डोडरा क्वार की 5,777 महिलाओं को पैसा मिला है। इनके खातों में 1500 रुपये महीना के हिसाब से 9 महीने की एकमुश्त राशि भेजी गई है।
सरकार ने जारी किया करोड़ों का बजट
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने बुधवार को यह राशि जारी की। आंकड़ों के मुताबिक, 19,202 लोगों के लिए 18.52 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। वहीं, सुख सम्मान निधि सरकारी योजना के तहत 7.80 करोड़ रुपये बांटे गए हैं। यह पैसा अप्रैल से दिसंबर महीने तक का है। इससे पहले महिलाओं को सिर्फ तीन महीने की पहली किस्त मिली थी। अब सरकार ने बाकी बची हुई किस्तें भी जारी कर दी हैं। प्रदेश भर में 35 हजार से ज्यादा महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं।
बर्फबारी से पहले एडवांस सैलरी का तोहफा
हिमाचल के जनजातीय इलाकों में सर्दियां बहुत कठिन होती हैं। भारी बर्फबारी के कारण ये इलाके छह महीने तक बाकी दुनिया से कट जाते थे। इस समस्या को देखते हुए सरकार यहां के कर्मचारियों और पेंशनरों को छह महीने का एडवांस वेतन देती है। हालांकि, अब इन क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह नहीं टूटता है। फिर भी सरकार ने पुरानी परंपरा को जारी रखा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि इस सरकारी योजना का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचा दिया गया है।
