रविवार, जनवरी 18, 2026
8.5 C
London

Himachal Congress: विनय कुमार का बड़ा ऐलान, संगठन में बदलेंगे समीकरण? भाजपा पर भी साधा निशाना

Himachal News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अब संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने रविवार को स्पष्ट किया कि पार्टी में सभी जाति और वर्गों को बराबर हिस्सेदारी मिलेगी। उन्होंने शिमला स्थित मुख्यालय में अनुसूचित जाति विभाग की बैठक में यह भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का बड़ा आरोप भी लगाया।

कार्यकारिणी में मिलेगा सबको मौका

विनय कुमार ने रविवार को राजीव भवन में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी में सामाजिक संतुलन बनाया जाएगा। हर वर्ग के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की आवाज को सरकार तक ले जाने की जिम्मेदारी ली।

यह भी पढ़ें:  भाजपा ने हिमाचल में छेड़ा चुनावी मिशन 2027, 25 हजार कार्यकर्ताओं को दायित्व

भाजपा संविधान खत्म करने पर तुली: गौतम

इस बैठक में कांग्रेस के एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम विशेष रूप से मौजूद थे। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्षों को याद किया। गौतम ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार दलितों और पिछड़ों के अधिकारों को खत्म करने पर तुली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।

राहुल गांधी और खरगे का जताया आभार

प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने अपनी नियुक्ति को लेकर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति को यह अहम जिम्मेदारी दी है। यह प्रदेश के एससी समाज के लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सबको एकजुट होकर लड़ना होगा।

यह भी पढ़ें:  सोलन: शूलिनी विश्वविद्यालय के पास युवक ने हवा में चलाईं गोलियां, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बैठक में ये दिग्गज रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश की राजनीति के कई बड़े चेहरे शामिल हुए। इनमें आयुर्वेद मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक किशोरी लाल और सुरेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर, प्रदेश प्रभारी कर्मवीर बोध, स्माल सेविंग के उपाध्यक्ष प्रकाश करड़ और एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमित नंदा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Hot this week

Related News

Popular Categories