Himachal Pradesh News: हिमालच प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की भारत जोड़ो अभियान का पार्टी को पूरे देश में लाभ मिलेगा।
श्रीमती सिंह ने शनिवार को शिमला में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी हर घर तक राहुल गांधी और कांग्रेस की सोच को पहुंचाने के लिए पार्टी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सगंठन की एकजुटता से राज्य में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह एकता इसी प्रकार रहनी चाहिए जिससे कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भी अपनी जीत का परचम लहरा सकें।
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों को सगंठन की मजबूती के लिये पूर्ण क्रियाशील होना होगा। उन्होंने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कुछ ब्लॉकों की धीमी गति को गति प्रदान करने की आवश्यकता पर बल देते हुए अभियान को निश्चित समय अवधि में पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिस प्रकार भारत जोड़ो यात्रा को जोश के साथ पूरा किया है उसी प्रकार देश मे अब कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ों अभियान को पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि अभियान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय आला कमान को भेजी जानी है इसलिए सभी ब्लॉकों की रिपोर्ट पेपर कटिंग के साथ इस कार्यालय को भेजनी होगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान कांग्रेस पार्टी के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के लिए यह एक मील का पत्थर साबित होगा।