Gujarat News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की राजनीति में बड़ी हलचल मचा दी है। अहमदाबाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में गुजरात की सत्ता बदलने वाली है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि 30 साल बाद अब भाजपा की सत्ता हिलने लगी है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि अगली बार भाजपा वाले जेल जाएंगे। केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने उनकी सभा रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ।
भाजपा के विनाश का समय आ गया- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “विनाशकाले विपरीत बुद्धि” वाली कहावत भाजपा पर सटीक बैठती है। उन्होंने कहा कि जब किसी का अंत आता है, तो भगवान उसकी बुद्धि हर लेते हैं। भाजपा ने ‘आप’ के शपथ ग्रहण समारोह को रोकने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। निकोल में होने वाली मीटिंग का स्टेज तोड़ दिया गया और कुर्सियां फेंक दी गईं। इसके बावजूद ‘आप’ पदाधिकारियों की मेहनत से सभा सफल हुई। भारी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।
नेताओं को जेल भेजने पर बरसे केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम ने जेल में बंद पार्टी नेताओं का जिक्र करते हुए भाजपा को ललकारा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले हमारे नेताओं पर जूते फेंकवाते हैं और सभाएं रद्द करवाते हैं। प्रवीण राम और राजू करपड़ा जैसे नेताओं को तीन महीने से जेल में रखा गया है। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने ‘करदा प्रथा’ के खिलाफ आवाज उठाई। विधायक चैतर वसावा को भी आदिवासियों की आवाज उठाने पर जेल भेजा गया। केजरीवाल ने साफ कहा कि हम जेल या फांसी से डरने वाले नहीं हैं।
युवाओं और किसानों के लिए बड़े वादे
केजरीवाल ने गुजरात की जनता के सामने अपना विजन भी रखा। उन्होंने वादा किया कि ‘आप’ की सरकार बनते ही विवादित ‘करदा प्रथा’ को खत्म कर दिया जाएगा। किसानों को समय पर बीज, खाद और पानी मिलेगा। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज गुजरात का व्यापारी, युवा और महिलाएं सभी दुखी हैं। भाजपा राज में नकली शराब का धंधा फल-फूल रहा है, जिसे हम पूरी तरह बंद करेंगे।
डर और भ्रष्टाचार से चल रही सरकार
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 30 सालों में भाजपा ने गुजरात को खोखला कर दिया है। पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार चरम पर है। अगर कोई इसके खिलाफ बोलता है, तो उसे जेल में डाल दिया जाता है। सोशल मीडिया पर लिखने वाले युवाओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि अब डरने का समय नहीं है। अपने अंदर के डर को निकालना होगा, तभी बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा।
होली के बाद गांधीनगर कूच की तैयारी
इस मौके पर गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितनी बाधाएं डाले, केजरीवाल के सिपाही झुकेंगे नहीं। राय ने ऐलान किया कि होली के बाद गांधीनगर कूच की तैयारी शुरू की जाएगी। अगर बजट सत्र में किसानों की समस्याएं नहीं सुनी गईं, तो बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर एक मजबूत टीम बनाने का निर्देश दिया, जो एक घंटे के नोटिस पर तैयार रहे।
