Noida News: ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब साढ़े 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और चोरी में इस्तेमाल वैगनर गाड़ी बरामद की है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गिरोह का तीसरा सदस्य फरार है।
कोर्ट की तारीखों पर बनाते थे चोरी की योजना
डीसीपीने बताया कि 28 फरवरी को सेक्टर 36 में एक बंद घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी हुए थे। जांच के दौरान पुलिस ने नट मड़ैया गोल चक्कर से दो आरोपियों अवधेश (निवासी हाथरस) और बलराज (निवासी कैथल, हरियाणा) को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में काम करता था। आरोपी कोर्ट में पेशी पर आने के बहाने मिलते थे और वहीं बैठकर अगली वारदात की योजना बनाते थे।
अखबार देखकर चुनते थे निशाना
पुलिस जांच मेंखुलासा हुआ कि आरोपी रेकी के दौरान उन घरों पर नजर रखते थे, जिनके बाहर कई दिनों से अखबार या पंपलेट पड़े होते थे। ऐसे घरों को बंद समझकर रात के समय ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के जेवरात वे हरियाणा के कैथल ले जाकर बेच देते थे।
भारी मात्रा में जेवरात बरामद
आरोपियोंके कब्जे से सोने का हार, चार अंगूठियां, तीन कान के टॉप्स, कुंडल, बिछिया, चेन, पायल और एक लैपटॉप बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी बंटी की तलाश कर रही है और अन्य राज्यों में भी इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।


