Kanpur News: केंद्र सरकार और जिला प्रशासन की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कानपुर में हालात इसके उलट हैं। शहर की गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर एक-एक सिलेंडर के लिए मारा-मारी मच रही है। शनिवार को भी ज्यादातर एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोग एजेंसी खुलने से पहले ही सुबह से खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन ज्यादातर को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
नजीराबाद में 500 मीटर लंबी लाइन
नजीराबाद थानाक्षेत्र स्थित स्व. श्याम बिहारी मिश्रा रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह पांच बजे से ही लोग सिलेंडर लेकर पहुंचने लगे थे। सुबह 10 बजे तक डिवाइडर के दोनों तरफ तीन से पांच सौ मीटर लंबी लाइन लग गई। स्टाफ और लोगों के बीच बार-बार बहस और नोकझोंक हो रही थी। स्थिति बेकाबू न हो, इसलिए एजेंसी संचालक ने पुलिस को बुला लिया।
पैनिक बुकिंग से बढ़ा दबाव
करीब एक हफ्तेसे घरेलू गैस सिलेंडर सप्लाई को लेकर लोगों में पैनिक की स्थिति है। कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप होने से लोगों की चिंता बढ़ गई। रोजाना करीब 40 हजार बुकिंग होती थी, जो पैनिक में बढ़कर डेढ़ से दो गुना तक पहुंच गई। पेट्रोलियम कंपनियों के सर्वर पर दबाव पड़ने से बुकिंग में भी समस्या हो रही है। वहीं बुकिंग के एक हफ्ते बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही, जिससे लोग सीधे एजेंसियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं।
लाइन में लगे आकाश साहू ने बताया कि तीन दिन से रोज सिलेंडर लेकर आ रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल रही। महिला आरती ने कहा कि एक हफ्ते पहले बुकिंग कराई थी, होम डिलीवरी नहीं हुई। पता चला कि लोग सीधे एजेंसी से सिलेंडर ले रहे हैं, इसलिए आज रिक्शे से सिलेंडर लेकर आई हैं।
प्रशासन ने जारी किए कंट्रोल रूम नंबर
एडीएम सप्लाई राजेश कुमार नेबताया कि घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर आपूर्ति की समस्याओं के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता अपनी शिकायतें लैंडलाइन नंबर 0512-2988763 और व्हाट्सएप नंबर 6394616122 पर दर्ज करा सकते हैं। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सिटी में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है और पैनिक होने की जरूरत नहीं है। कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए टीम तैनात की गई है और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

