पूर्व विधायक बंबर ठाकुर हमला कांड: पुलिस की बड़ी कामयाबी, रोहतक से गिरफ्तार हुआ मुख्य शूटर ‘काकू’

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को एक साल बाद बड़ी सफलता मिली है। हमले के मुख्य आरोपी और कुख्यात शूटर अमन कुमार उर्फ ‘काकू’ को पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लेकर आई है। शनिवार को आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी हुए हैं।

एक साल से पुलिस की आंखों में झोंक रहा था धूल

बिलासपुर पुलिस पिछले एक साल से मुख्य शूटर अमन की तलाश में जुटी थी। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमों ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में कई बार छापेमारी की। अमन कुमार (20) हरियाणा के रोहतक स्थित रटोली गांव का निवासी है। वह पेशेवर अपराधी है और उस पर कई राज्यों में गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस इसे पकड़ने के लिए लगातार जाल बिछा रही थी, लेकिन वह बार-बार ठिकाने बदल रहा था।

हरियाणा एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में धरा गया था आरोपी

शूटर अमन कुमार इसी साल 20 जनवरी को हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के हत्थे चढ़ा था। गिरफ्तारी से पहले हरियाणा पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ भी हुई थी। वह वर्तमान में हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। बिलासपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा की अदालत में प्रोडक्शन वारंट की अर्जी दी थी।

कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर हिमाचल लाई पुलिस

अदालत से अनुमति मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस ने तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद आरोपी को रोहतक से बिलासपुर लाया गया। पुलिस अब आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि हमले की साजिश से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। बंबर ठाकुर पर हुए इस हमले ने प्रदेश की राजनीति में काफी हलचल मचा दी थी। अब मुख्य शूटर की गिरफ्तारी से जांच में नए खुलासे होने की उम्मीद है।

Hot this week

Related News

Popular Categories