India News: भारत के कई हिस्सों में गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। लद्दाख, मणिपुर और अंडमान निकोबार क्षेत्र में धरती हिली है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इन झटकों की पुष्टि की है। सभी झटके हल्की से मध्यम तीव्रता के थे। राहत की बात है कि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कब और कहां आए झटके?
NCS के आंकड़ों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सुबह 3:38 बजे 4.3 तीव्रता का झटका लगा। इससे पहले आधी रात को अंडमान सागर में हलचल हुई थी। वहां रात 12:18 बजे 4.2 तीव्रता दर्ज की गई। गनीमत रही कि ये झटके बहुत तेज नहीं थे।
लेह में सुबह टूटी नींद
लद्दाख के लेह में भी सुबह 4:31 बजे कंपन महसूस हुआ। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 थी। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। लेह सीस्मिक जोन-IV में आता है। यहां अक्सर भूकंप का खतरा बना रहता है। इस साल लद्दाख में कई बार झटके लग चुके हैं।
मणिपुर में भी डरे लोग
मणिपुर के उखरुल में भी सुबह 4:11 बजे धरती हिली। यहां तीव्रता 3.4 मापी गई। इसका केंद्र 40 किलोमीटर गहराई में था। पूर्वोत्तर भारत सिस्मिक जोन-V यानी अत्यधिक खतरे वाले क्षेत्र के करीब है। वैज्ञानिक लगातार इस क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं।
