भोपाल में पदस्थ DSP ने खुदकुशी कर ली है। उन्होंने सोमवार को धार जिले के गांव रेबडदा में अपने घर में फांसी लगाई। वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी और बेटे इंदौर में रहते हैं। शाम को जब वह बाहर नहीं निकले तो पड़ोसी उनके घर पहुंचे। इसके बाद आत्महत्या का मामला पता चला। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि DSP डिप्रेशन में थे।
डीएसपी बीएल अहरवाल की ड्यूटी भोपाल में थी। वह धार ज़िले के कुक्षी क्षेत्र के डही विकासखंड के ग्राम रेबड़दा के रहने वाले थे। वह काफी लंबे से अवकाश पर थे और अपने गांव के घर में अकेले रह रहे थे। वह नियमित रूप से शाम को घूमने के लिए जाते थे, लेकिन सोमवार की देर शाम तक घर से नहीं निकले। इस पड़ोस के लोग उनके घर पहुंचे। आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। फिर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच, कुछ लोगों ने देखा कि वह फांसी के फंदे पर लटके थे। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
आज हुआ पोस्टमॉर्टम
सोमवार को रात ज्यादा हो जाने की वजह से पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका था। इसलिए पुलिस ने मंगलवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाया है। सूचना मिलने पर परिजन भी डही पहुंच गए हैं। आसपास के लोगों के मुताबिक वह काफी समय से डिप्रेशन में थे। वह अकेले ही घर में रह रहे थे। हालांकि इस बारे में अभी तक पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिवार से पूछताछ के बाद मुख्य वजह पता चलेगी
DSP के परिजन इंदौर से गांव पहुंच गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ करके आत्महत्या की वजह पता करेगी। पूरे मामले की जानकारी PHQ को भी दे दी गई है।