
शराब के नशे में धुत आर्मी के जवान ने पत्नी समेत तीन महिलाओं पर चलाई गोली, हुआ गिरफ्तार
बेतिया। बिहार के बेतिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत गांव में सेना के जवान ने अपनी पत्नी समेत तीन महिलाओं को गोली मार दी। उसकी पत्नी के अलावा पड़ोस की महिला और एक 15 वर्षीय लड़की को गोली लगी है।
सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि नशे में धुत जवान अपनी पत्नी अनिता के साथ मारपीट कर रहा था, जिसके बाद वह भागकर बाहर निकल गई थी। वह गांव की महिलाओं के बीच जाकर छिप गई।
इसके बाद गुस्से में आर्मी जवान ने घर के अंदर से अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक निकाली और महिलाओं पर गोली चला दी। फायरिंग की इस घटना में गांव की महिलाओं के साथ-साथ उसकी पत्नी को भी गोली लग गई। इस फायरिंग में महिला पालमती देवी, लड़की काजल और पत्नी गोली की शिकार हो गई। आर्मी जवान की पत्नी और गांव की महिला को एक-एक जगह गोली लगी है। जबकि काजल के दोनों पैर में गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आर्मी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी जवान नरेश साह की पत्नी ने बताया कि आरोपी बराबर उनके साथ मारपीट करता है और रविवार को भी शराब के नशे में धुत होकर उनके साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद यह घटना घटी।
बता दें कि आरोपी जवान नरेश साह दिल्ली में पोस्टेड है और छुट्टी में घर आया हुआ है। मुफस्सिल थाना ने जहां आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जवान की लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई है।
यह भी पढ़े;
- भाजपा एससी एसटी विंग के अध्यक्ष की गोली मार कर हत्या, तीन अज्ञात लोगों ने किया था हमला
- तमिलनाडु में भाजपा नेता बालचंद्रन की हत्या, पुलिस कर रही मामले की जांच
- संयुक्त अरब अमीरात में सामने आया मंकीपॉक्स का पहला मामला
- Export Ban: गेहूं के बाद सरकार ने चीनी एक्सपोर्ट भी लगाया बैन, 1 जून से लागू होंगी पाबंदियां
- Mark Zuckerberg ने किया सबसे बड़ा कॉरपोरेट और राजनीतिक घोटाला, मामला दर्ज करने की याचिका दायर