US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक ऐलान किया है। अमेरिका अब अपने इतिहास का सबसे विशाल जंगी जहाज बनाने की तैयारी कर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस जहाज का नाम किसी पूर्व राष्ट्रपति के नाम पर नहीं, बल्कि खुद ‘ट्रंप’ के नाम पर रखा जाएगा। राष्ट्रपति ने सोमवार, 22 दिसंबर को भारी हथियारों से लैस इन जहाजों की नई ‘क्लास’ बनाने की घोषणा की। शुरुआत में ऐसे दो जहाज बनाए जाएंगे।
कैसा होगा ‘ट्रंप क्लास’ जंगी जहाज?
राष्ट्रपति ने बताया कि ये जहाज बेहद खतरनाक होंगे। इनका वजन 30,000 से 40,000 टन के बीच होगा। ये आधुनिक मिसाइलों और तोपों से लैस होंगे। इनमें लेजर हथियार और हाइपरसोनिक मिसाइलें भी तैनात की जाएंगी। सबसे खास बात यह है कि ये जहाज समुद्र से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होंगे। डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दावा किया कि ये अमेरिकी इतिहास के सबसे बड़े जंगी जहाज होंगे।
विशालता और विवाद
आमतौर पर अमेरिकी जंगी जहाजों का नाम पूर्व नेताओं के नाम पर रखा जाता है। इसलिए ट्रंप का यह फैसला चर्चा का विषय बन गया है। आकार के मामले में ये मौजूदा अमेरिकी डिस्ट्रॉयर और क्रूजर से काफी बड़े होंगे। हालांकि, ये 1990 के दशक के आयोवा-क्लास बैटलशिप से थोड़े छोटे हो सकते हैं। राष्ट्रपति के अनुसार, जरूरत पड़ने पर इन जहाजों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
क्या चीन को मिलेगा जवाब?
अमेरिका जहाजों की संख्या के मामले में अभी चीन से पीछे है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह चीन के लिए संदेश है, तो उन्होंने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी दुनिया के लिए एक जवाब है, सिर्फ चीन के लिए नहीं। हाल ही में अमेरिकी संसद में पेश एक रिपोर्ट में चीन की बढ़ती नौसैनिक ताकत पर चिंता जताई गई थी। यह नया कदम अमेरिका की समुद्री ताकत को कई गुना बढ़ा देगा।
