Delhi News: दिल्ली पुलिस ने हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। अब खुफिया एजेंसियों की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस पूरे नेटवर्क का मुख्य हैंडलर शब्बीर अहमद लोन नाम का आतंकी है, जो बांग्लादेश में बैठकर साजिशों को अंजाम दे रहा है। उसका सीधा संपर्क लश्कर प्रमुख हाफिज सईद और वरिष्ठ आतंकी जकी उर रहमान लखवी से है। खास बात यह है कि ये आतंकी आपस में संवाद के लिए कोड नामों का इस्तेमाल करते थे, जिसमें हाफिज सईद को ‘चाचा जी’ और जकी उर रहमान लखवी को ‘ताया जी’ कहा जाता था।
2019 से भारत में सक्रिय, बांग्लादेश से कर रहा था फंडिंग
जांच में पता चला है कि शब्बीर को आतंक की दुनिया में लॉन्च करने वाला अबु अलकामा नाम का आतंकी था। 2005 के आसपास अलकामा ने उसे हाफिज सईद से मिलवाया था। हैरान करने वाली बात यह है कि 2019 में जेल से छूटने के बाद शब्बीर कई बार भारत की सीमा में आ-जा चुका है। वह बांग्लादेश की हिली बॉर्डर से भारत में एंट्री करता था। एजेंसियों ने यह भी खुलासा किया है कि कोलकाता और दिल्ली में लगाए गए भारत विरोधी पोस्टरों की गुत्थी अब सुलझ गई है। ये पोस्टर कोलकाता में ही प्रिंट हुए थे और इनकी पीडीएफ फाइल शब्बीर ने बांग्लादेश से भेजी थी।
मॉड्यूल को हथियार खरीदने के लिए शब्बीर ने 80 हज़ार से ज्यादा रुपए भी भेजे थे। साजिशकर्ता सिग्नल एप के जरिए शब्बीर के संपर्क में थे। सबसे ज्यादा बातचीत शब्बीर और मालदा के उमर फारुख के बीच होती थी।
बांग्लादेश में सक्रिय आतंकी संगठन और ISI का रोल
खुफिया एजेंसियों ने बताया कि बांग्लादेश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एक पूरा ब्रिगेड सक्रिय है। पाकिस्तानी आतंकी संगठनों ने भी वहां अपने पैर पसार लिए हैं। इसके अलावा बांग्लादेश में कई स्थानीय आतंकी संगठन भी सक्रिय हैं, जिनमें शामिल हैं:
· अंसार बांग्ला टीम (अलकायदा से जुड़ी)
· जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB)
· न्यू जेएमबी
· इस्लामिक छात्र शिविर
· हिजब-उल-मुजाहिदीन (हुजी)
बांग्लादेश भेजने की थी योजना
शब्बीर तमिलनाडु से पकड़े गए सभी 6 बांग्लादेशी नागरिकों को कोलकाता बुलाने की फिराक में था। प्लान यह था कि आतंकी हमलों को अंजाम देने के बाद इन सातों बांग्लादेशी नागरिकों को वापस बांग्लादेश भेज दिया जाए ताकि वे वहां जाकर सुरक्षित छिप सकें। खुफिया एजेंसियों ने समय रहते इस मॉड्यूल का पर्दाफाश करके बड़ा हादसा टाल दिया।
