Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक बड़ा साइबर क्राइम सामने आया है। यहां एक व्यापारी के बैंक खाते से 14 लाख 90 हजार रुपये उड़ा लिए गए। शातिरों ने फर्जी ई-चालान लिंक के जरिए ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करते ही हुई ठगी
बिलासपुर के व्यापारी संजीव महाजन को 25 नवंबर को एक व्हाट्सएप संदेश मिला। इसमें आरटीओ का फर्जी ई-चालान भरने का लिंक था। संजीव ने लिंक पर क्लिक किया, लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद उनके फोन में एक अनजान ऐप इंस्टॉल हो गया। अगले दिन शाम को उन्हें पैसों के कटने का मैसेज आया।
एफडीआर तोड़कर निकाले पैसे
हैरानी की बात यह है कि ठगों ने पहले व्यापारी की ऑनलाइन एफडीआर तुड़वाई। इसके बाद पैसे खाते में आते ही उड़ा लिए। उन्होंने 5 लाख, 5 लाख और 4.90 लाख रुपये की तीन ट्रांजैक्शन की। पीड़ित ने तुरंत बैंक और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की।
पानीपत और बंगाल के खातों में ट्रांसफर हुई रकम
जांच में पता चला कि पैसे पानीपत और पश्चिम बंगाल के खातों में भेजे गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित खातों को फ्रीज करवाया। हालांकि, ठगों ने अधिकांश राशि निकाल ली थी। पानीपत के खाते में केवल 1 लाख 92 हजार रुपये ही बचे मिले। डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया है।
