Bilaspur News: गोबिंद सागर झील में जल्द ही क्रूज, मोटर बोट, हाई स्पीड बोट और शिकारे पानी पर तैरते नजर आएंगे। राज्य सरकार ने झील को विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के लिए अधिसूचित किया है। बुधवार को बिलासपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसकी घोषणा की. झील के करीब 60 किलोमीटर के क्षेत्र में ये गतिविधियां शुरू होंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटक झील में सभी प्रकार की गतिविधियों का आनंद उठा सकेंगे। इससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का एक बड़ा हिस्सा गोबिंद सागर झील के किनारे से होकर गुजरता है।
अब झील में होने वाली पर्यटन गतिविधियां फोरलेन से गुजरने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। इससे रोजगार के द्वार भी खुलेंगे और एक नई जगह पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगी। इसके साथ ही झील से सटे कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भी विकास किया जाएगा.