Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के न्यू शिमला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बिलासपुर के एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भीषण हादसा शोघी-मेहली बाईपास रोड पर सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास पेश आया। यहाँ अचानक एक स्विफ्ट कार बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार सड़क से करीब 100 मीटर गहरी खाई में समा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे का शिकार हुआ बिलासपुर का पीड़ित परिवार
हादसे का शिकार हुई कार का नंबर HP 24C 0600 है। इसमें कुल चार लोग सवार थे। हादसे में बिलासपुर के सेक्टर-2 निवासी 69 वर्षीय सुमन शर्मा और उनकी 64 वर्षीय पत्नी लीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग दंपत्ति अपने बेटे के साथ बिलासपुर से शिमला आ रहे थे।
दुर्घटनाग्रस्त कार को उनका बेटा अखिल चला रहा था, जो इस हादसे में जख्मी हुआ है। उनके साथ कार में सवार पंथाघाटी निवासी 55 वर्षीय निर्मला देवी भी घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत से निकाला बाहर
बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
इस अचानक हुए दर्दनाक हादसे से बिलासपुर में पीड़ित परिवार के घर और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है। हंसते-खेलते परिवार पर अचानक टूटे इस दुखों के पहाड़ ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग सोशल मीडिया पर भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
Author: Sunita Gupta


