
लखनऊ: यूपी के बदायूं में एक युवक द्वारा राष्ट्रध्वज का अपमान करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर तिरंगे से न केवल अपना चेहरा पोंछा, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज को नीचे फेंककर उसका अपमान भी किया। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें आरोपी तिरंगे का अपमान करता नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वीडियो में क्या दिखा है
वायरल इस वीडियो में यह देखा गया है कि एक युवक जो ट्रैक पैंट और टी-शर्ट पहने हुए है तिरंगा अपने हाथों में लिया हुआ है। वीडियो में उसे तिरंगे से मुंह और गले का पसीना पोछते हुए देखा गया है।
लड़का काफी देरी तक अपने मूंह और गले को राष्ट्रीय ध्वज से पोछता है और साफ करता है। इसके बाद उसे तिरंगे को नीचे फेंकते हुए भी देखा गया है। पूरे वीडियो में आरोपी को ऐसा करते हुए हंसते हुए देखा गया है।
क्या है पूरा मामला
द टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया की आरोपी बदायूं के जरीफ नगर के ढेल गांव का रहने वाला है। उसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिद्धार्थ वर्मा के अनुसार, आरोपी का नाम शाहरूख है और उसे कथित तौर तिरंगे से चेहरा साफ करते हुए देखा गया है। यही नहीं आरोप यह भी है कि आरोपी ने कथित रूप से तिरंगे को पैर से रौंदा भी है।