नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ के साथ लगते मगनपुरा के जंगल में पुलिस को संदिग्ध हालात में एक शव मिला है। यह शव काफी पुराना लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक का शुक्रवार को नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान हैं। पुलिस को शक है कि किसी ने व्यक्ति की हत्या करके शव जंगल में फेंक दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के जिला समस्तीपुर के पोस्ट ऑफिस ताजपुर के गांव फतेहपुर निवासी ललित कुमार (37) पुत्र सिकंदर पिछले पंद्रह दिन से लापता था। ललित कुमार नालागढ़ में कंपनी में कामगार था। 20 दिसंबर को ललित कुमार के भाई बिंदर ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत नालागढ़ थाने में दी थी। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा था। वीरवार को मगनपुरा गांव के जंगल में ललित कुमार का शव मिला। जिसकी शिनाख्त उसके भाई प्रदीप ने की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उसका शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा। ललित कुमार नालागढ़ के बेला मंदिर में बिंदर कुमार के साथ किराए के कमरे में रहता था और गत्ता कंपनी में काम करता था। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। पुलिस ने छानबीन कर रही है।