Himachal News: चम्बा शहर के सुराड़ा मोहल्ले में चामुंडा मंदिर के पास हुई युवकों से मारपीट की घटना में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई एक स्कूटी और तीन बाइकों को भी अपने कब्जे में लिया है। एक गाड़ी को इससे पहले पठानकोट से जब्त किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को वाट्सएप चैट के सबूत मिले हैं। इन सबूतों से पता चलता है कि यह हमला एक सोचा-समझा प्लान था। पुलिस अब इसके मास्टरमाइंड का पता लगा रही है। शुक्रवार को शहर में माहौल शांत रहा। लोगों ने पुलिस को आरोपियों को पकड़ने के लिए समय दिया था।
स्थानीय लोगों का पुलिस से मिला प्रतिनिधिमंडल
शाम करीब 6 बजे शहर के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल व्यापार मंडल प्रधान वीरेंद्र महाजन के नेतृत्व में शहरी पुलिस चौकी पहुंचा। उन्होंने पुलिस से मामले में अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने लोगों को हुई प्रगति के बारे में अवगत कराया।
बुधवार को चामुंडा मंदिर के पास कुछ लोगों ने दो युवकों के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि उन्होंने देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहे। काफी संख्या में हथियारबंद युवक मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आने-जाने वाले लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया था।
लोगों के भड़कने के बाद हुआ प्रदर्शन
इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क गए। वे सिटी पुलिस चौकी पहुंचे और हंगामा करने लगे। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक पुलिस चौकी के बाहर चक्का जाम किया गया। गुरुवार को भी दिनभर पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन जारी रहा।
पुलिस के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए थे। एएसपी हितेश लखनपाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त और जागरूकता
जिला चम्बा पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। शुक्रवार को चामुंडा माता मंदिर, सूही माता मंदिर, मेडिकल कॉलेज, डिग्री कॉलेज चम्बा और नए बस स्टैंड आदि में गश्त की गई। गश्त के दौरान लोगों से बातचीत कर सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध किया गया।
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक सद्भाव बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। वे मामले के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही हैं।
