Himachal News: नए साल 2026 के पहले दिन Himachal Pradesh के मुख्यमंत्री आवास पर जश्न का माहौल रहा। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों की बधाइयां स्वीकार कीं और प्रदेश के भविष्य पर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में हमारी सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन किया है। सरकार के फैसले ‘आंवले’ की तरह थे, जिनका स्वाद शुरू में कड़वा लगा। लेकिन अब साल 2026 से जनता को इन फैसलों का मीठा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
75 हजार करोड़ के कर्ज का सच
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर आर्थिक बदहाली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व बीजेपी सरकार Himachal Pradesh पर 75 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज छोड़कर गई थी। इसके अलावा 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां भी सिर पर थीं। सुक्खू ने कहा कि हमने इन कठिन आर्थिक चुनौतियों का सामना किया। अब प्रदेश इन मुसीबतों से निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
2027 तक आत्मनिर्भर बनेगा हिमाचल
सीएम सुक्खू ने राज्य के विकास का रोडमैप भी साझा किया। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य Himachal Pradesh को साल 2027 तक आत्मनिर्भर बनाना है। वहीं, साल 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की तैयारी है। जनता के हित में यदि पुराने नियम-कानून बदलने पड़े, तो सरकार पीछे नहीं हटेगी।
नशा तस्करों और रोजगार पर फोकस
नए साल में सरकार का पूरा फोकस युवाओं और सुरक्षा पर रहेगा। सीएम ने ऐलान किया कि युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिलेंगे। वहीं, नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस सख्ती से काम कर रही है। जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि 40 साल पुरानी व्यवस्था को बदलना जरूरी था। इन कड़े फैसलों का असर अब Himachal Pradesh की जनता को दिखेगा।
PM मोदी से फंड की उम्मीद और नालागढ़ ब्लास्ट
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि पीएम मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राशि राज्य को जल्द मिलेगी। वहीं, नालागढ़ में सैनिक रेस्ट हाउस के पास हुए ब्लास्ट पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। सीएम ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सारे तथ्य सामने आने के बाद ही इस पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की जाएगी।
