Rajasthan News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके दो मासूम बच्चों के शव गांव के पास एक कुएं में बरामद हुए हैं। इस तिहरे मौत के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चेतक एक्सप्रेस के आगे कूदी महिला
कपासन थाना क्षेत्र के कछिया खेड़ी गांव की निवासी अनछि बाई ने उदयपुर-दिल्ली चेतक एक्सप्रेस के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन गांव के समीप से गुजर रही थी। ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
कुएं में मिले दो मासूमों के शव
महिला की शिनाख्त पारस कच्छावा की पत्नी के रूप में हुई। ग्रामीणों ने जब देखा कि महिला के साथ उसके दो बच्चे मोनू (5 वर्ष) और सोनू (3 वर्ष) नहीं हैं, तो अनहोनी की आशंका बढ़ गई। पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, तो गांव के बाहर एक कुएं में दोनों बच्चों के शव तैरते मिले। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला ने पहले बच्चों को कुएं में फेंका और फिर खुद ट्रेन के आगे कूद गई।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला और बच्चों के शवों को कपासन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। तीनों का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। पुलिस अब परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे के असली कारणों का खुलासा हो सके।



