पूर्वी लद्दाख के न्योमा इलाके के चांगथांग गांव में दो गाड़ियों के जरिए सिविल ड्रेस में चीनी सैनिकों का एक समूह घुस आया था जिसे स्थानीय लोगों और ITBP के जवानों की मदद से वापस खदेड़ दिया गया। यह जानकारी रविवार को स्थानीय लोगों की ओर से सर्कुलेट किए गए एक विडियो के जरिए सामने आई।
सिविल ड्रेस में आए थे चीनी सैनिक
चीनी सैनिक, जो सिविल ड्रेस में थे, वे स्थानीय खानाबदोशों के साथ बहस कर रहे थे ताकि उनके मवेशी इलाके में चर सकें, लेकिन स्थानीय निवासियों के मजबूत विरोध के बाद उन्हें वापस जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आईटीबीपी के जवानों को भी इस बारे में सूचित किया। यह घटना कुछ दिनों पहले की है।
कड़े विरोध के बाद जाना पड़ा वापस
विडियो से मालूम पड़ रहा है कि दो चीनी गाड़ियां जिनमें सिविल ड्रेस में चीनी सैनिकों का ग्रुप था, चांगथांग में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रही थीं। हालांकि स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के बाद उन्हें वापस जाना पड़ा। हालांकि ITBP के जवान भी उनका सामना करने के लिए ऐक्शन में आ गए थे।
हालांकि किसी भी आईटीबीपी के अधिकारी ने इस पर कुछ प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया है लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में चीनी भारत में घुसते हुए जरूर दिखाई दिए है।