Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के सरकाघाट में आयोजित राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय को नेरचौक से सरकाघाट शिफ्ट करने का ऐलान किया। इससे पहले सरकार ने इस विश्वविद्यालय के लिए सुंदरनगर में जमीन चिन्हित की थी।
आपदा प्रभावितों के लिए 100 करोड़ राहत राशि
मुख्यमंत्री ने हाल ही में हिमाचल में आई आपदा को गंभीर बताते हुए कहा कि अब तक 222 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने आपदा और मसेरन बस हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए 100 करोड़ रुपये की राहत राशि की घोषणा की, जो मंडी जिले में खर्च की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग से राज्य को भारी नुकसान हुआ है। साल 2023 में 10,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र से केवल 1,500 करोड़ रुपये की मदद मिली। इस बार भी केंद्र सरकार से कोई अतिरिक्त सहायता नहीं मिली।
प्राकृतिक खेती पर MSP देने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि हिमाचल प्राकृतिक खेती पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने वाला पहला राज्य है। अब तक छह जिलों से 127 मीट्रिक टन कच्ची हल्दी खरीदी जा चुकी है। पांगी के किसानों से 100 रुपये प्रति किलो की दर से जौ खरीदी जाएगी।
सरकार किसानों से 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से जैविक खाद भी खरीद रही है। बागवानी उत्पादों के लिए यूनिवर्सल कार्टन अनिवार्य कर दिया गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े फैसले
शिक्षा के क्षेत्र में ढाई साल में उल्लेखनीय प्रगति का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने नए सत्र से 200 सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की। पिछली सरकार ने बिना बजट के 900 संस्थान खोल दिए थे, जिनमें से 1,000 का युक्तिकरण किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नेरचौक, टांडा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू की जाएगी।
नशा उन्मूलन पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करी को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि हर जिले में नशा निवारण केंद्र बनाए जाएंगे। नशा माफिया की 42 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस भर्ती में अब ‘चिट्टा’ टेस्ट अनिवार्य किया गया है।
एंटी चिट्टा वालंटियर योजना की घोषणा की गई है, जिसमें सूचना देने वालों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। चिट्टा रोकथाम बोर्ड का गठन भी किया जाएगा।
सरकाघाट में नए विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने सरकाघाट में नया बस अड्डा बनाने, नागरिक अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तर करने और शिव मंदिर की जमीन पार्किंग के लिए देने की घोषणा भी की।
