Prayagraj News: थाना क्षेत्र की गौहनिया चौकी अंतर्गत कांटी गांव में शनिवार दोपहर पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में एक युवक का सिर फट गया, जबकि 11 माह के एक मासूम बच्चे को भी चोट लग गई। घटना से आक्रोशित परिजन घायल युवक को लेकर प्रयागराज-रीवा हाईवे पर सड़क पर लेट गए, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
बिजली के तार को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारीके मुताबिक, कांटी गांव निवासी फूलचंद्र और हरिश्चंद्र सगे भाई हैं। दोनों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर इसी विवाद के चलते कहासुनी शुरू हुई। मामला बिजली का तार लगाने तक जा पहुंचा और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष के बहादुर नामक युवक के सिर पर ईंट और फावड़े से वार कर दिया गया। इससे उनका सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। पास में मौजूद उनके 11 माह के बेटे कन्हैया को भी चोट लगी।
हाईवे पर लेटे स्वजन, एक घंटे जाम
घटनाके बाद घायल युवक के परिजन आक्रोशित हो गए। वह बहादुर को उठाकर सीधे प्रयागराज-रीवा हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर लेटकर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह और कौंधियारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने काफी देर समझाने के बाद परिजनों को मनाया। इसके बाद घायल को एंबुलेंस से सीएचसी जसरा भेजा गया और जाम हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
इस मामलेमें दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। चांदनी पत्नी राजू का आरोप है कि वह घर पर बिजली का तार लगाने जा रही थी, तभी चाचा हरिश्चंद्र और उनके परिवार ने विरोध कर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके नंदोई बहादुर पर ईंट-फावड़े से हमला हुआ और उनके 11 माह के बेटे को फेंक दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष की संगीता पत्नी हरिश्चंद्र ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
पुलिस ने आरोपितों की तलाश में गांव में दबिश दी। इस दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। आरोपितों का पीछा करते समय घूरपुर थाने के सिपाही दीपक सिंह के पैर में मोच भी आ गई।

