Himachal News: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज काफी सख्त हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। आलम यह है कि राज्य में 12 जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर जैसे जिलों में पिछले 24 घंटों में भारी शीतलहर दर्ज की गई है। शिमला में भी तापमान गिरने से सुबह-शाम ठिठुरन काफी बढ़ गई है।
पाइप में जमा पानी, सड़कों पर फिसलन
लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां का पारा माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। कड़ाके की ठंड के कारण घरों में पानी की पाइपें तक जम गई हैं। किन्नौर और ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम का यही हाल है। मैदानी जिलों जैसे ऊना, सोलन और सिरमौर में कोहरे ने विजिबिलिटी कम कर दी है। सुबह के समय सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
15 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 15 जनवरी तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी। विभाग ने ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में 13 जनवरी तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ स्थानों पर शीतलहर का येलो अलर्ट भी है। बारिश न होने से सूखी ठंड बढ़ रही है। हालांकि, सोलंगनाला और अटल टनल में बर्फ देखने के लिए पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया है:
- शिमला: 1.6 डिग्री
- सुंदरनगर: -0.3 डिग्री
- मनाली: -1.4 डिग्री
- कुकुमसेरी: -10.6 डिग्री
- ताबो: -8.4 डिग्री
- सोलन: -2.2 डिग्री
- धर्मशाला: 3.6 डिग्री
- ऊना: 5.4 डिग्री

