Mumbai News: बॉम्बे हाईकोर्ट ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने उन्हें आज दोपहर 3 बजे तक आजाद मैदान खाली करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो वह कार्रवाई के लिए मजबूर होगा। कोर्ट ने जरांगे पर हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
हाईकोर्ट ने सरकार को भी लगाई फटकार
जस्टिस श्रीचंद्रशेखर और जस्टिस आरती सेठे की पीठ ने महाराष्ट्र सरकार से भी असंतोष जताया। कोर्ट ने कहा कि सरकार ने भी कई गलतियां की हैं। पीठ ने स्थिति को बेहद गंभीर बताया। कोर्ट ने कहा कि जरांगे और उनके समर्थकों ने बिना अनुमति के आजाद मैदान पर कब्जा कर रखा है।
जरांगे के वकील ने मांगी माफी
मनोज जरांगेके वकील सतीश मानेशिंदे ने कोर्ट में माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं की वजह से आम जनता को परेशानी हुई। वकील ने दावा किया कि पहले दिन से ही कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने हाईकोर्ट परिसर भी घेरा
हाईकोर्ट नेबताया कि प्रदर्शनकारियों ने हाईकोर्ट परिसर को भी घेर लिया था। इसके चलते एक जज को पैदल हाईकोर्ट पहुंचना पड़ा। कोर्ट ने सोमवार को ही प्रदर्शनकारियों को मंगलवार तक सड़कें खाली करने का आदेश दिया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाईकोर्ट के आदेश को लागू करने का वादा किया था।
जरांगे ने लगाए मुख्यमंत्री पर आरोप
मनोज जरांगेपाटिल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। जरांगे ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने कहा कि मराठा समुदाय को राजधानी में प्रवेश से कोई नहीं रोक सकता।
