रविवार, जनवरी 4, 2026
3.3 C
London

Bihar School Closed: ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड! पटना DM का बड़ा आदेश, अब इस तारीख तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

Patna News: बिहार में मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ली है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी (DM) ने स्कूलों को बंद रखने की तारीख आगे बढ़ा दी है। नए आदेश के अनुसार, अब प्ले स्कूल से लेकर 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी और प्राइवेट दोनों स्कूलों पर लागू होगा। बढ़ती ठंड ने बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

देर शाम जारी हुआ नया आदेश

पहले ठंड से थोड़ी राहत मिलने पर स्कूलों को खोलने की तैयारी थी। लेकिन शनिवार को अचानक तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट आ गई। इसे देखते हुए पटना डीएम ने 3 जनवरी की देर शाम तुरंत नया नोटिस जारी किया। प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों और मिशनरी स्कूलों को भी 8 जनवरी तक बंद रखने को कहा है। हालांकि, कक्षा 9 और उससे ऊपर के शिक्षण संस्थान खुले रहेंगे। इनका समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें:  बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में 121 सीटों पर 1,314 उम्मीदवार मैदान में, 6 नवंबर को होगी वोटिंग

क्यों लिया गया यह फैसला?

जिला प्रशासन ने पहले 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक स्कूल बंद किए थे। बीच में धूप निकलने पर 5वीं तक के स्कूल 5 जनवरी तक बंद रखने का फैसला हुआ था। लेकिन शनिवार (3 जनवरी) को बिहार में मौसम एकदम से बदल गया। बर्फीली पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन को अपने पुराने आदेश में फेरबदल करना पड़ा। अब 8 जनवरी तक छोटे बच्चों को स्कूल नहीं जाना होगा।

कोहरे का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के कई जिलों में चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में कनकनी बढ़ गई है।

  • ऑरेंज अलर्ट: पटना, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा और लखीसराय में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट है।
  • येलो अलर्ट: राज्य के 24 अन्य जिलों में भी कोहरे और ठंड का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें:  बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 12 सीटों पर BJP को मिली करीबी हार, रामगढ़ में सिर्फ 30 वोटों से चूका जीत

अगले 3 दिन नहीं मिलेगी राहत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अभी ठंड का सितम जारी रहेगा। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। अगले तीन दिनों तक धूप निकलने के आसार बहुत कम हैं। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान गिरकर 14.4 डिग्री पर आ गया। वहीं, भागलपुर के सबौर में सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोग दिन भर अलाव का सहारा लेते नजर आए।

Hot this week

Related News

Popular Categories