MP News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जातिगत तनाव का एक नया मामला सामने आया है। यहाँ एक दलित युवक ने संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को लेकर विवादित टिप्पणी की है। युवक ने सोशल मीडिया पर खुद को भांजा और भीमराव अंबेडकर को ब्राह्मणों का जीजा बताया। इस बयान के बाद ब्राह्मण और दलित समाज आमने-सामने आ गए हैं। इस विवादित वीडियो के कारण देहात थाने का घेराव किया गया। पुलिस ने माहौल बिगड़ता देख आरोपी युवक पर मामला दर्ज कर लिया है।
मनोज जाटव का वीडियो हुआ वायरल
जिले में सोशल मीडिया पर जातिगत टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है। इसी बीच 3 दिसंबर को मनोज जाटव ने एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उसने भीमराव अंबेडकर को ब्राह्मणों का जीजा कहा। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। ब्राह्मण समाज ने इस पर कड़ा विरोध जताया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोज जाटव के खिलाफ केस दर्ज किया।
परशुराम सेना और दलित समाज में तनातनी
मनोज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परशुराम सेना ने थाने का घेराव किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। लेकिन रविवार को विवाद फिर बढ़ गया। दलित समाज ने आरोप लगाया कि चौकी गांव में उनका रास्ता रोका गया। उन्होंने ब्राह्मण समाज के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद भीम आर्मी के नेताओं ने सोशल मीडिया पर समर्थकों को थाने बुला लिया।
भीम आर्मी नेता पर भड़काने का आरोप
मारपीट के विरोध में दलित समाज ने ब्राह्मणों पर एफआईआर की मांग की। खबर मिलते ही ब्राह्मण समाज भी थाने पहुंच गया। परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा ने पुलिस से निष्पक्षता की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना जांच के किसी पर केस दर्ज न हो। शर्मा ने भीम आर्मी नेता सौरभ जाटव पर लोगों को भड़काने और ललकारने का आरोप लगाया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
अटेर के एसडीओपी रविन्द्र वास्कले ने स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि लखनपुरा गांव से विवाद की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। थाना प्रभारी को इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है।
