Bangalore News: बेंगलुरु मेट्रो में सफर के दौरान एक महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना शहर के सबसे व्यस्त मैजेस्टिक इंटरचेंज के पास हुई। पुलिस ने इस मामले में 55 वर्षीय मुतप्पा नाम के शख्स की पहचान की है। पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त आरोपी नशे में धुत था। वह बेंगलुरु मेट्रो में यात्रा के दौरान जानबूझकर महिला से टकरा रहा था। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज कर ली है।
सफर के दौरान हुई बदसलूकी
पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी मेट्रो यात्रा करीब 15 मिनट की थी। वह सीट पर बैठी थी तभी एक यात्री उतरा और मुतप्पा वहां आ गया। वह महिला के बेहद करीब बैठ गया। इससे महिला को असहज महसूस हुआ। महिला ने सोचा कि शायद जगह कम है, इसलिए उसने आरोपी को थोड़ा दूर बैठने को कहा। आरोपी ने दूर होने के बजाय अपना पैर महिला के पैर से सटा दिया। महिला को जल्द ही एहसास हो गया कि यह गलती नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई हरकत है।
प्लेटफॉर्म पर सिखाया सबक
आरोपी की हरकतों से महिला को बहुत गुस्सा आया। जैसे ही स्टेशन आया, महिला ने उस आदमी को जोरदार थप्पड़ मारा। उसने आरोपी को तुरंत सीट से उठने के लिए कहा। दोनों जब प्लेटफॉर्म पर उतरे, तो महिला ने उसे फिर से थप्पड़ जड़ा। इसके बाद आरोपी वहां रोने लगा। बेंगलुरु मेट्रो में मौजूद अन्य यात्रियों का ध्यान भी इस ओर गया।
घंटों से मेट्रो में घूम रहा था आरोपी
हंगामे के बाद मेट्रो सुरक्षाकर्मियों ने मामले में दखल दिया। वे दोनों को पूछताछ के लिए ले गए। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि आरोपी मुतप्पा शराब के नशे में था। वह पिछले एक घंटे से एक मेट्रो से दूसरी मेट्रो में बिना वजह घूम रहा था। इस घटना ने बेंगलुरु में सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
