Bareilly News: बरेली में ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद को लेकर हुई हिंसा के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इंडिया मुस्लिम कॉउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत 55 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो हजार से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गुरुवार को पुलिस ने तौकीर रजा के करीबी नफीस खान को उसके बेटे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि नफीस ने ही तौकीर रजा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कराया था। उन पर भीड़ भड़काने और दंगा कराने का आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो ने बढ़ाया तनाव
पुलिस के मुताबिक नफीस खान ने तौकीर रजा के पत्र को फर्जी बताकर 50 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुपों में भेजा। इसके बाद शहर में हिंसा भड़क गई। नफीस को आईएमसी का मुख्य कर्ताधर्ता बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके मार्केट को भी सील कर दिया है।
यह मार्केट आईएमसी का कार्यालय भी हुआ करता था। पुलिस ने 15 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। गिरफ्तार लोगों में 29 आईएमसी सदस्य शामिल हैं। पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताई साजिश
बरेली पुलिस ने इस मामले में अब तक दस एफआईआर दर्ज किए हैं। जांच में पता चला है कि बीते एक सप्ताह से शहर में हिंसा की साजिश रची जा रही थी। हिंसा में 22 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सर्च ऑपरेशन में खतरनाक सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस को पेट्रोल बम, देशी तमंचे और धारदार हथियार मिले हैं। एसएसपी अनुराग आर्या ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। हिंसा में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को हुई थी हिंसा
बीते शुक्रवार को ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद को लेकर बरेली में उपद्रव हुआ था। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने कड़े कदम उठाए। शहर में तनाव के बाद अब स्थिति सामान्य हो रही है।
पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। एसएसपी ने लोगों से पुलिस को सहयोग देने का आग्रह किया है। पुलिस की टीमें लगातार शहर में गश्त कर रही हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। प्रशासन ने किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया है। आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
