Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां राम मंदिर परिसर में एक शख्स ने नमाज पढ़ने की कोशिश की है। इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। खुफिया एजेंसियां और पुलिस अधिकारी उससे कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि, जिला प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट ने अभी इस मामले पर चुप्पी साधी हुई है।
राम मंदिर के दक्षिणी परकोटे पर घटना
यह पूरा मामला आज सुबह का बताया जा रहा है। राम मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे पर एक युवक नमाज पढ़ने की तैयारी कर रहा था। तभी वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने जब उसे ऐसा करने से रोका, तो वह एक विशेष समुदाय के नारे लगाने लगा। हंगामा बढ़ता देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को पकड़कर हिरासत में ले लिया।
श्रीनगर का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए शख्स की पहचान अहमद शेख के रूप में हुई है। वह श्रीनगर के सोपोर का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह राम मंदिर तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने शहर में कश्मीरी शॉल बेचने वाले कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है कि क्या वे आरोपी को जानते थे। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।
मध्य प्रदेश में भी आया था ऐसा मामला
धार्मिक स्थल पर नमाज पढ़ने की यह पहली घटना नहीं है। करीब दो साल पहले मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में भी ऐसा ही वाकया हुआ था। वहां तीन भाइयों ने राम मंदिर परिसर में घुसकर नमाज अदा की थी। पुजारी ने उन्हें रोका भी था, लेकिन वे नहीं माने थे। इस खबर के फैलते ही वहां काफी हंगामा हुआ था। बाद में पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब अयोध्या में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

