हिमाचल प्रदेश में बुधवार को तीन जगह हिमस्खलन हुआ है, जबकि मनाली स्थित हिमस्खलन अध्ययन संस्थान (सासे) ने पांच जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। राजधानी शिमला समेत पूरे प्रदेश के मैदानी इलाकों में बुधवार को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग और एक नेशनल हाईवे समेत 239 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। वहीं, प्रदेश में 729 ट्रांसफार्मर और 29 जलापूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
लाहौल घाटी में बुधवार को कोलंग गांव के सामने वामतट की पहाड़ी से सुबह करीब 10:30 बजे हिमस्खलन हुआ है। वहीं दोपहर बाद ठोलंग गांव के वामतट की पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ है। थिरोट-कमरिंग के बीच वामतट की पहाड़ी से डिमरू नाले से हिमस्खलन से चिनाब नदी का प्रवाह करीब चार घंटे रुका रहा। हिमखंड गिरने की दोनों घटनाओं का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है।
उधर, मनाली स्थित हिम और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान (सासे) ने कुल्लू, किन्नौर, शिमला, चंबा और लाहौल-स्पीति में 24 जगह हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, चंबा जिले के कबायली क्षेत्र पांगी के माहलू नाला में भी हिमखंड गिरा है। इससे यहां 300 किलोवाट के पावर हाउस में विद्युत उत्पादन ठप पड़ गया, जिससे पांगी की 19 पंचायतों में बिजली बंद हो गई है। हिमखंड गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं, रोहतांग में मंगलवार रात सीजन की रिकॉर्ड 90 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। कुंजम, बारालाचा व शिंकुला दर्रा की पहाड़ियां भी बर्फ से सफेद हो गईं। कुगती जोत के साथ शिगरी ग्लेशियर, घेपन पीक, सीबी रेंज में भी तीन से चार फीट तक हिमपात हुआ है। लाहौल के रिहायशी इलाकों में वर्ष की पहली भारी बर्फबारी हुई है।
लाहौल-स्पीति में 177 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। हिमपात के बाद लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ है। कुल्लू जिले में भी पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। जिले में 35 सड़कें बंद पड़ी हैं।
सिरमौर में भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। सोलन जिले में भी बारिश के बीच ठोडो मैदान में गणतंत्र दिवस के लिए परेड की रिहर्सल हुई। ऊना जिले में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी दिन भर जारी रही। जिला कांगड़ा के मैदानी क्षेत्रों में बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। जिले में मंगलवार रात से बारिश हो रही है।
दो दिन शुष्क मौसम रहने का पूर्वानुमान
उधर, चंबा में 399 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत 53 सड़कें बंद हैं। वहीं, किन्नौर जिले में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर हिमपात होता रहा, जबकि निचले इलाकों में बारिश जारी रही। वहीं, हिमाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को मध्यवर्ती और निचले क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। केवल ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। 29 जनवरी से मौसम फिर बिगड़ सकता है।
बर्फबारी सेंटीमीटर में
बारालाचा 120
कुंजम दर्रा 100
शिंकुला 90
केलांग 30
सिस्सू 60
भरमौर 15
न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
केलांग -7.6
कल्पा -1.8
नारकंडा -0.9
मनाली 0.0
शिमला 2.6
सुंदरनगर 3.4
बिलासपुर 5.0
धर्मशाला 6.4