Vadodara News: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर बड़ा हमला बोला है। वडोदरा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया था। वहीं, नेहरू ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू करके भारत की एकता को कमजोर किया। नड्डा ने इसे देश के लिए एक गहरा जख्म बताया।
562 रियासतों का किया विलय
नड्डा ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती समारोह के तहत ‘सरदार@150 राष्ट्रीय एकता मार्च’ को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक साथ लाया और उनका भारत में विलय कराया। दूसरी तरफ, जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीरी होने के नाते सिर्फ एक राज्य (जम्मू-कश्मीर) का जिम्मा लिया था। उनका वह फैसला देश की अखंडता के लिए मुसीबत बन गया। यह फैसला बाद में अनुच्छेद 370 के रूप में जाना गया।
नेहरू की गलती से अलग हुआ विधान
बीजेपी अध्यक्ष ने सरदार पटेल को ‘राष्ट्र पुरुष’ बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू की वजह से कश्मीर में अलग झंडा और अलग प्रधानमंत्री की व्यवस्था बनी। वहां भारत के कानून लागू नहीं होते थे। यह सब नेहरू की देन थी। उन्होंने कहा कि हमें देश जोड़ने वालों के साथ-साथ देश को कमजोर करने वालों को भी याद रखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति ने ही इस गलती को सुधारा है।
कांग्रेस पर इतिहास मिटाने का आरोप
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक सोची-समझी साजिश के तहत सरदार पटेल का नाम इतिहास से मिटाने की कोशिश की। पार्टी ने जानबूझकर उनके योगदान को भुलाने का काम किया। नड्डा ने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने ही सरदार पटेल को उनका उचित सम्मान दिलाया है। केवड़िया में बनी ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ आज पूरे भारत का प्रतीक बन गई है।
