9.4 C
Shimla
Wednesday, March 29, 2023

दहेज़ के लिए एक और मासूम की बलि: बेटी के फोन पर ससुराल पहुंचे पिता, पर मिली केवल लाश

Bihar News: सदर प्रखंड के बढ़ौना गांव में दहेज दानवों ने विवाहिता 20 वर्षीय शिवानी देवी की गला दबाकर हत्या कर दी है। घटना गुरुवार की रात की है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप लगाते हुए नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मृतक के ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद शिवानी के ससुराल से सभी आरोपित फरार है।

ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ना झेलती बेटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा है। घटना के संबंध में मृतका के पिता कामेश्वर राउत ने बताया है कि गुरुवार को शिवानी के ससुराल में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। ससुराल वाले उसे हमेशा दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। शिवानी ने फोन कर विवाद की बात बताई थी। पिता ने कहा कि अनहोनी की आशंका पर देर शाम शिवानी के ससुराल आकर जब देखा, तो उनके होश उड़ गए।

पिता के सामने बेटी की लाश

बढ़ौना स्थित ससुराल में शिवानी बेटी मरी हुई पड़ी थी। तत्काल इसकी सूचना रात को नगर थाना की पुलिस को दी गई। पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में ले लिया। पिता कामेश्वर राउत ने पुलिस को बताया कि शिवानी का पति विजेंद्र गोडाइत सहित परिवार के सदस्य टमटम गोडाइत व अन्य ने मिलकर शिवानी की गला दबाकर हत्या की है। पिता की शिकायत के आधार पर नगर थाना में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हत्‍या के बाद ससुराल के सभी लोग फरार

नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार महतो ने बताया कि कांड अंकित कर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है। घर के सभी सदस्य फरार है। रातभर पुलिस ने आसपास के गांवों और आरोपितों के सगे संबंधियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। अबतक पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। शिवानी देवी की शादी दो साल पहले ही हुई थी। अभी उसे कोई संतान भी नहीं हुई थी।

Latest news
Related news